छत्तीसगढ़

जांजगीर चांपा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: फरार आरोपी गिरफ्तार, लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा

जांजगीर चांपा, 02 फरवरी 2025। थाना जांजगीर पुलिस को लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है, जिसने लाखों रुपए की धोखाधड़ी की थी। आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्रामीणों से चिटफंड कंपनी के नाम पर पैसे इकट्ठा कर उन्हें यह वादा किया था कि जमा की गई राशि का दोगुना या तीन गुना पैसा उन्हें वापस मिलेगा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रामकिशन चौहान (36 वर्ष), जो सर्व मंगला प्रॉपर्टीज इंडिया लिमिटेड कोरबा का डायरेक्टर था, अपने आप को कंपनी का एजेंट बताकर ग्रामीणों से रुपये इकट्ठा करता था। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी महेंद्र कुमार तिवारी समेत कई ग्रामीणों ने कंपनी में रकम जमा की थी।

आरोपी और उसके साथियों द्वारा कुल 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। जब ग्रामीणों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें बताया कि कंपनी बंद हो गई है और जमीन खरीदने के बाद उन्हें पैसे वापस मिलेंगे। लेकिन, पैसे नहीं लौटाए गए।

इस मामले में थाना जांजगीर में पहले ही आपराधिक मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। फरार आरोपी रामकिशन चौहान को पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में IPS श्री विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप और निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 409, 34 भादवि और चिटफंड अधिनियम के तहत कार्यवाही की है।

Related Articles

Back to top button