छत्तीसगढ़

Janjgir-Champa एसपी कार्यालय में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा। Janjgir-Champa से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां एसपी कार्यालय में एक व्यक्ति द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, टी. आर. साहू नामक व्यक्ति पिछले कई दिनों से अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर काट रहा था। उसने लिखित आवेदन देकर अपने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए थे। साहू का कहना था कि उसकी भाभी की एलआईसी की राशि निकालने के लिए साजिश रची जा रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी।

बताया जा रहा है कि लगातार अनदेखी से आहत होकर टी. आर. साहू आज सीधे एसपी कार्यालय पहुंचा और वहीं जहर का सेवन कर लिया। जैसे ही इस घटना की जानकारी वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को हुई, तत्काल हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। उसकी स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में व्यक्ति ने इतना बड़ा कदम उठाया। साथ ही, उसकी शिकायतों और आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button