अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश : सूने मकानों में चाेरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से बुलाते थे चोर, 4 जिलों में वारदात को दे चुके थे अंजाम…

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी, महासमुद, कवर्धा, राजनांदगांव के सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है. चोरी के सामान खरीदने वाले सोनार को भी गिरफ्तार किया गया है. मुख्य आरोपी कर्नाल हरियाणा से अपने दोस्तों को बुलाकर वारदात को अंजाम देता था. आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी 80 हजार रुपए, एक बाइक, एक कार जब्त की गई है. बता दें कि सभी आरोपी पहले भी चोरी समेत अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं.
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 मई को दिन में प्रार्थी श्यामा प्रसाद मुखर्जी निवासी मैत्री विहार कॉलोनी धमतरी के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर धावा बोला था. आलमारी में रखे चांदी के जेवरात एवं भगवान की मूर्तियां, चांदी के सिक्के एवं चांदी से बने अन्य सामान एवं नगदी 2 लाख रुपए चोरी कर फरार हो गए थे. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया था. पुलिस अधीक्षक ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करने सायबर सेल तकनीकी एवं थाना सिटी कोतवाली धमतरी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे. इस पर सायबर सेल तकनीकी एवं सिटी कोतवाली पुलिस आरोपी की पतासाजी कर रही थी.






