जांजगीर-चांपा में लोगों ने घेरा नगर पालिका कार्यालय:विधायक व्यास कश्यप बोले- अधिकारी दबा रहे कांग्रेस पार्षदों की आवाज

जांजगीर-चांपा जिले के नैला में नगर पालिका CMO के खिलाफ विधायक ने मोर्चा खोल दिया। जांजगीर नैला कार्यालय के मुख्य गेट पर बैठकर विधायक व्यास कश्यप, पार्षद और नागरिकों ने धरना दिया। विधायक ने CMO पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव की समस्या हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने CMO प्रह्लाद पांडेय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अधिकारियों पर लगाया का उपेक्षा का आरोप
विधायक ने कहा कि 2 दिन के भीतर समस्या का हल नहीं होता है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विधायक ने कहा कि CMO उनका फोन नहीं उठाने। प्रदेश ने सरकार बदलने के बाद CMO कांग्रेस के अध्यक्ष और पार्षदों की आवाज को दबा रहे हैं। उनकी उपेक्षा की जा रही है।

विधायक बोले- अधिकारी मांग सुनते नहीं
नैला के कई वार्डों में बारिश की पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से नालियों की साफ-सफाई नहीं हुई है। विधायक ने आगे कहा कि अधिकारी मांग सुनते नहीं है। बस स्टैंड में बाउंड्री बनाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। ऐसी स्थिति रहेगी तो शहर का माहौल बिगड़ेगा और बाउंड्री को गिरा दिया जाएगा।
मांग पूरी नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी
अवस्था की वजह से पूर्व पार्षद संतोष भोजपुरिया आत्मदाह करने के लिए पेट्रोल लेकर धरना स्थल पहुंचे थे। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। नगर पालिका ऑफिस के गेट पर आंदोलन की सूचना मिलने पर नगर पालिका CMO, तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान समय पर सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन को समाप्त कराया गया।






