गुरु बना गुनहगार: अवैध संबंध, शादी और फिर जलाकर हत्या, कोरबा के राम टोक पहाड़ का खौफनाक सच!

कोरबा। शिक्षक को गुरु का दर्जा दिया जाता है, लेकिन जब वही गुरु मर्यादाएं लांघ जाए, तो अंजाम क्या हो सकता है, इसका खौफनाक उदाहरण कोरबा के राम टोक पहाड़ से सामने आया है। जहां एक शिक्षक ने पहले अपनी शिष्या से अवैध संबंध बनाए, फिर उसकी शादी कराई और अंत में उसे जलाकर मार डाला। इस अपराध की परतें खुलीं तो सच्चाई ने हर किसी को चौंका दिया।
अवैध संबंध, शादी और फिर… हत्या!
पाली थाना क्षेत्र के रावा गांव के पास राम टोक पहाड़ पर अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जब शव की पहचान की, तो पता चला कि मृतका शशिकला (28) ग्राम लाद की रहने वाली थी। जांच में पता चला कि उसका अपने शिक्षक मिलन दास से गहरा रिश्ता था।
मिलन दास ने पहले उसे पढ़ाया, फिर उसके साथ अवैध संबंध बनाए और समाज के दबाव में उसकी शादी करवा दी। लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही शशि कला अपने ससुराल को छोड़कर फिर मिलन दास के पास लौट आई। दोनों कटघोरा में एक किराए के मकान में रहने लगे, लेकिन रिश्ता धीरे-धीरे तनाव में बदल गया।
गुस्से में हत्या, फिर जलाने की साजिश!
27 फरवरी को किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में मिलन दास ने शशि की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव से पीछा छुड़ाने के लिए आरोपी शिक्षक ने अपने ड्राइवर के साथ मिलकर लाश को गाड़ी में रखा और राम टोक पहाड़ पर ले जाकर जला दिया। लेकिन अपराध ज्यादा दिनों तक छिपा नहीं रह सका।
जांच के दौरान पुलिस को मिलन दास पर शक हुआ। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
इस दर्दनाक घटना के बाद शशि कला के परिवार ने उसका शव लेने से इनकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक, समाज ने पहले ही उसे बहिष्कृत कर दिया था, जिससे अब पुलिस के लिए एक नई चुनौती खड़ी हो गई है कि शव का अंतिम संस्कार कौन करेगा।






