छत्तीसगढ़

*रायपुर में भव्य सैन्य समारोह: भीष्म टी-90 टैंक का रैली के साथ स्वागत, सेना का जौहर दिखाने की तैयारी*

रायपुर। भारतीय सेना का भीष्म टी-90 टैंक और अन्य अत्याधुनिक सैन्य उपकरण आज रायपुर पहुंचे, जिनका शहर में शानदार रैली निकालकर जोरदार स्वागत किया गया। यह आयोजन आगामी 5 और 6 अक्टूबर को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में होने वाले सैन्य शक्ति प्रदर्शन “आर्मी मेला” के तहत किया जा रहा है, जिसमें भारतीय सैनिकों की बहादुरी और युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। इस मेले की तैयारियों को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है।

स्वागत समारोह का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में किया गया, जहां रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने भीष्म टैंक का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद टैंक और अन्य सैन्य उपकरणों को एक भव्य रैली के रूप में तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, कलेक्ट्रेट, जयस्तंभ और आश्रम चौक होते हुए साइंस कॉलेज मैदान तक ले जाया गया।

रैली के दौरान रायपुर के नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों लोग इस ऐतिहासिक मौके को अपने मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। लोगों ने भारतीय सेना के अद्भुत सैन्य उपकरणों को करीब से देखने का मौका मिलने पर गर्व महसूस किया और पूरे शहर में सकारात्मक माहौल बना रहा।

आगामी “आर्मी मेला” में टी-90 टैंक सहित अन्य सैन्य उपकरणों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे रायपुर के लोगों को भारतीय सेना की ताकत और उसके अत्याधुनिक युद्ध कौशल को देखने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है, और वे बेसब्री से इस ऐतिहासिक मेले का इंतजार कर रहे हैं।

रैली और आगामी कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में भारतीय सेना के प्रति गर्व और सम्मान को बढ़ाना है। यह आयोजन न केवल सेना की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेगा, बल्कि युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित भी करेगा।

Related Articles

Back to top button