डीजे विवाद में प्राणघातक हमला, 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

मुलमुला थाना पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए प्राणघातक हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला बनाहिल गांव का है, जहां शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। शिकायतकर्ता राकेश केवट के अनुसार, डीजे बंद कराने पहुंचे आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए रांपा से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद अन्य दो आरोपियों ने भी डंडों से हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।






