दिनदहाड़े 11 लाख 79 हजार की लूट निकली फर्जी – पुलिस ने किया मास्टरमाइंड को चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 1 अगस्त को हुई कथित 11 लाख 79 हजार 800 रुपये की लूट की घटना पूरी तरह फर्जी निकली। पुलिस की सटीक कार्रवाई व साइबर टीम की सूझबूझ से महज कुछ ही घंटों में इस गुत्थी को सुलझा लिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस मामले का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि खुद घटनाकथन का सूचनाकर्ता ही निकला।
थाना बम्हनीडीह में 25 वर्षीय दीपेश देवांगन निवासी ग्राम चोरिया, थाना सारागांव ने 1 अगस्त की शाम को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने व्यवसायिक परिचित किरीत सिन्हा (निवासी करनौद) से 11,79,800 रुपये लेकर यूनियन बैंक चांपा में जमा करने जा रहा था। रास्ते में पूछेली और अमोदी गांव के पास बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट कर उक्त रकम और उसका लैपटॉप लूट लिए जाने की झूठी जानकारी दी गई।
थाना बम्हनीडीह पुलिस द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करते हुए जिले भर में नाकेबंदी की गई, साइबर सेल को अलर्ट किया गया और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। लेकिन मौके पर लूट के कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले। दीपेश की बातों में विरोधाभास, घटनाक्रम की देरी से सूचना और जवाबों में असंतोषजनक बातें सामने आने पर पुलिस ने मनोवैज्ञानिक ढंग से गहन पूछताछ की। तब आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दीपेश ने बताया कि उस पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के उद्देश्य से उसने रकम गबन कर पुलिस को भ्रमित करने के लिए झूठी लूट की कहानी बनाई। पुलिस ने आरोपी के निवास ग्राम चोरिया से लूटी गई पूरी रकम ₹11,79,800 और लैपटॉप जब्त कर लिया।
इस मामले में किरीत सिन्हा की शिकायत पर थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 70/2025 के तहत BNS की धारा 217, 316(2) (झूठी सूचना देकर पुलिस को भ्रमित करना और अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।






