फिल्मी स्टाइल में रायपुर के हनुमान मंदिर से दानपेटी चोरी

रायपुर. राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. चोरों ने मंदिर की दानपेटी को भी नहीं छोड़ा है. फिल्मी स्टाइल में चोरों ने मंदिर से दानपेटी चुरा ली, फिर नई दानपेटी रखकर फरार हो गए. यह मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला हनुमान मंदिर का है. पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है.इस मामले में पुलिस का कहना है कि मंदिर में चोर नई दानपेटी किस उद्देश्य से छोड़कर गए हैं, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड और शेडार रेसिडेंसियल स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात चोर पैसे से भरी दानपेटी चोरी कर ले गए. घटना की जानकारी शुक्रवार को सुबह पूजा करने जाने के दौरान मिली. मंदिर में मंगलवार और शनिवार को भक्तों की भीड़ रहती है. शुक्रवार को महिलाएं सामान्य दिनों की तरह मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंची तो पहले किसी का ध्यान दानपेटी की तरफ नहीं गया. मंदिर में नियमित पूजा करने आने वाली एक महिला का ध्यान दानपेटी की तरफ गया, तब चोरी की जानकारी सामने आई.






