भूमिफोड़ बजरंगबली की भक्ति में श्रद्धालु लीन

छत्तीसगढ़ में आज हनुमान जयंती पर कई आयोजन किए जा रहे हैं। सुबह से ही मंदिरों पर रामायण पाठ, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ किए जा रहे हैं। मंदिरों में विशेष श्रृंगार किया गया है। मंदिरों में भक्तों की लंबी लाइन लगी है। वहीं बालोद में भूमिफोड़ बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।
बालोद जिले के कमरौद गांव में 400 साल पुरानी भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा है। मान्यताएं हैं रि प्रतिमा की आकार और ऊंचाई बढ़ रही है। जमीन से निकलने के कारण यह भूफोड़ बजरंगबली के नाम से छत्तीसगढ़ में प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि यहां जो भी बजरंगबली से स्मरण किया है। उसकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

भगवान हनुमान की बढ़ रही प्रतिमा
मंदिर समिति के अध्यक्ष पुनीत राम देशलहरा ने बताया कि यहां पर भक्त दूर-दूर से आते हैं। साल भर यहां मेले जैसा माहौल रहता है। उन्होंने बताया कि पूर्वज कहते थे कि यहां पर भगवान हनुमान की प्रतिमा बढ़ रही है। इन्हीं सब विषयों को देखते हुए हमने मंदिर ऊंचा बनाया है।

समय के साथ बढ़ता गया प्रांगण
बजरंगबली के साथ इस स्थान पर दूसरे देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। हाल ही में मंदिर के अंदर 17 फीट ऊंची विशाल काली मां की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रभु श्रीराम के भक्त बजरंगबली की मूर्ति कृत्रिम नहीं बल्कि प्राकृतिक है, जो आस्था का केंद्र है।

जमीन से निकले हनुमान जी
गांव का एक किसान अपने खेत में हल चला रहा था, लेकिन उस जगह पर बार-बार हल चलाने से वह टूट जा रहा था। एक दिन उस किसान को सपने में भगवान के दर्शन हुए। उसके बाद सुबह वह खेत पहुंचा, जहां से प्रतिमा को निकालकर प्राण प्रतिष्ठा की गई, तब से भक्तों को मंदिर में तांता लगा रहता है।

बिलासपुर में लगा भक्तों का तांता
बिलासपुर में हनुमान मंदिरों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। शहर से लेकर गांव तक रामभक्त हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसके साथ ही जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भक्ति में श्रद्धालु डूबे नजर आ रहे हैं।

भिलाई में भी हनुमान जयंती को लेकर उमड़ी भीड़
भिलाई में सेक्टर 9 के हनुमान मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ लगी है।हनुमान दर्शन के लिए भक्तों की लम्बी लाइन लगी है। प्रसाद बनाने का कार्यक्रम भी लगातार जारी है।

सरगुजा में हनुमान जंयती को लेकर भक्तों में उत्साह
सरगुजा में हनुमान जन्मोत्सव पर स्कूल रोड स्थित हनुमान मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की लाइन लगी हुई है। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर अनवरत राम चरित मानस और हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है।






