CRPF जवान ने की खुदकुशी:फांसी पर लटकी मिली लाश, पुलवामा में थी पोस्टिंग; 22 दिन में 6 जवानों ने किया सुसाइड

धमतरी जिले में CRPF के एक जवान ने पत्नी से विवाद के बाद खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि जवान की लाश घर पर फंदे पर लटकती मिली है। प्रदेश में 22 दिन के अंदर 6 जवान सुसाइड कर चुके हैं। मामला अर्जुनी थाना के ग्राम देमार का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृत जवान का नाम सुरेश सोनवानी (35) है, जो देमार गांव का रहने वाला था। CRPF जवान एक महीने की छुट्टी में घर आया था। गुरुवार को घर पर कोई नहीं था। जवान की मां सामाजिक बैठक में दूसरे गांव गई हुई थी। इसी बीच सुरेश सोनवानी ने फांसी लगा ली।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे ग्रामीण
CRPF जवान की मां ने बताया कि सामाजिक बैठक से वह दूसरे दिन घर आई। इस दौरान कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने पर कोई आवाज नहीं आ रही थी। आसपास के लोगों को बुलवाकर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर घुसकर देखे तो सुरेश फंदे पर लटकता मिला।
कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
परिजन और स्थानीय लोगों ने फौरन इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। बताया जा रहा है कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।







