छत्तीसगढ़

CG Weather Today: सावन के अंत तक जारी रहेगा बारिश का दौर, इन जिलों में भारी बारिश के आसार; रायपुर में बूंदाबांदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

रायपुर में बदला मौसम का मिजाज

राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अगले 7 दिनों तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां आगे भी जारी रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

क्या कहता है मौसम विभाग का सिनोप्टिक सिस्टम?

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्नदाब क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

वहीं, उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश में बारिश का दौर जारी है।

इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में जगदलपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

Related Articles

Back to top button