CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, अगले 3 दिन भारी वर्षा के आसार
रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का ब्रेक खत्म होने के बाद एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम का असर अब पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश के कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार—
- शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर वर्षा
- चांदो में 8 सेंटीमीटर
- पटना में 6 सेंटीमीटर
- समरी में 5 सेंटीमीटर
- बलरामपुर और दौरा कोचली में 4-4 सेंटीमीटर
- बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली और अंबिकापुर में 3-3 सेंटीमीटर
- सकरी, भिलाई, रघुनाथ नगर और अहिवारा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज की गई। गुरुवार को दुर्ग में सबसे अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में सबसे कम 23.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।






