छत्तीसगढ़

CG LPG News: छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त से मिलेगा हल्का और पारदर्शी LPG सिलेंडर, 4 घंटे में होगी होम डिलीवरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। 15 अगस्त से राजधानी रायपुर में पहली बार 10 किलो का हल्का और पारदर्शी एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस नए सिलेंडर को उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन बुक कर सकेंगे और बुकिंग के करीब चार घंटे के भीतर होम डिलीवरी की सुविधा भी मिलेगी।

शुरुआती चरण में यह सुविधा रायपुर में शुरू होगी। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।

हल्का, पारदर्शी और अधिक सुरक्षित होगा नया सिलेंडर

नया 10 किलो एलपीजी सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का होगा। इसे फाइबर ग्लास और पॉलीमर सामग्री से तैयार किया गया है, जिससे इसे आसानी से उठाया और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा सकेगा।

इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी पारदर्शी बॉडी है। इससे उपभोक्ता बिना किसी उपकरण के आसानी से देख सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस बची हुई है। कंपनी के अनुसार यह सिलेंडर अधिक सुरक्षित है और इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होगी।

इतनी होगी सिक्योरिटी राशि और रिफिल की कीमत

नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को लगभग 3,000 रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होगा। वहीं, रेगुलेटर के लिए करीब 250 रुपये अलग से देने होंगे। कनेक्शन बंद कराने पर सिक्योरिटी राशि वापस कर दी जाएगी।

रायपुर में इस 10 किलो सिलेंडर की रिफिल की अनुमानित कीमत 715 से 730 रुपये के बीच रहने की संभावना है।

पुराने उपभोक्ता भी ले सकेंगे नया सिलेंडर

यह सुविधा केवल नए ग्राहकों तक सीमित नहीं रहेगी। जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन है, वे भी निर्धारित सिक्योरिटी राशि जमा कर 10 किलो का नया पारदर्शी सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।

कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, आवेदन पत्र और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करना होगा।

Related Articles

Back to top button