छत्तीसगढ़

सूरजपुर डबल-मर्डर केस…मास्टरमाइंड के आलीशान मकान पर चलेगा बुलडोजर

सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या केस में मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को कोर्ट में आज पेश कर पुलिस रिमांड मांगेगी। आरोपी को कड़ी सुरक्षा में सूरजपुर कोतवाली थाने में रखा गया है।

इसके साथ ही प्रशासन ने कुलदीप साहू के आलीशान घरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की है। उसके मकान को अवैध निर्माण बताते हुए नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

हेड कांस्टेबल की पत्नी व बेटी की हत्या कर फेंका था शव
हेड कांस्टेबल की पत्नी व बेटी की हत्या कर फेंका था शव

घर में घुसकर पुलिसकर्मी की बेटी और पत्नी की हत्या की

दरअसल, रविवार की रात आदतन बदमाश कुलदीप साहू ने हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख के घर में घुसकर उसकी पत्नी मेहनाज तालिब और मासूम बेटी आलिया की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह भागकर झारखंड चला गया था।

गढ़वा से अंबिकापुर आते समय उसे बलरामपुर थाने के सामने बलरामपुर एसपी बैंकर वैभव की टीम ने हिरासत में ले लिया। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच सूरजपुर लाया गया।

बलरामपुर पुलिस ने आरोपी को बस से गिरफ्तार किया।
बलरामपुर पुलिस ने आरोपी को बस से गिरफ्तार किया।

वारदात और सहयोगियों को लेकर पूछताछ

हत्याकांड के बाद सोमवार को आक्रोशित लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। सूरजपुर को पुलिस ने छावनी में बना रखा है। कुलदीप साहू से कोतवाली थाने में वारदात और उसमें शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मां-बेटी की हत्या और शव फेंकने में अन्य आरोपियों के शामिल होने की आशंका है।

एनकाउंटर के डर से लौट रहा था वापस

हत्याकांड के बाद फरार कुलदीप साहू को पुलिस लगातार ट्रैक कर रही थी। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर की रही। हत्याकांड के बाद पुलिस लगातार छापे मार रही थी। कुलदीप साहू को इससे एनकाउंटर का डर सताने लगा था। वह झारखंड भागने में सफल होने के बाद वापस अंबिकापुर आ रहा था।

बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के डर से कुलदीप साहू की योजना अंबिकापुर कोर्ट में सरेंडर करने की थी, लेकिन बलरामपुर एसपी की टीम ने फोन लोकेशन के आधार पर बलरामपुर में बस को रोककर दबोच लिया।

SSP बोले-जो भी आरोपी के सहयोगी, बख्शेंगे नहीं
SSP बोले-जो भी आरोपी के सहयोगी, बख्शेंगे नहीं

आलीशान बहुमंजिला भवन को बताया अवैध, चस्पा हुआ नोटिस

नगर पालिका सूरजपुर के सीएमओ प्रभाकर शुक्ला ने वार्ड क्रमांक 13, मानपुर मोहल्ले में हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुलदीप साहू के पिता अशोक साहू के नाम पर निर्मित आलीशान बहुमंजिला भवन को अवैध निर्माण बताया है। घर में नोटिस चस्पा कर दिया है।

नोटिस में निर्माण को अवैध बताते हुए कब्जा तत्काल हटा लेने कहा गया है। हालांकि कब्जा हटाने की मोहलत, नोटिस में मेंशन नहीं है। नियमानुसार अवैध कब्जा हटाने के पहले निकायों को तीन नोटिस जारी करना होता है। कहा जा रहा है कि आलीशान घरों में बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है।

कुलदीप साहू के पिता अशोक साहू का मानपुर के अतिरिक्त बस स्टैंड के पीछे और कब्रिस्तान के पास भी मकान है। कब्रिस्तान के पास के मकान को किराए पर दिया गया था, जिसे प्रशासन ने सोमवार को खाली करा दिया है।

आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, नोटिस चस्पा
आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, नोटिस चस्पा

जो भी सहयोगी होंगे, बख्शे नहीं जाएंगे-SSP

सूरजपुर SSP एम.आर आहिरे ने कहा कि हत्याकांड में शामिल और आरोपी कुलदीप साहू का सहयोग करने वाले, जो कोई भी हों, कितने बड़े पद में हों बख्शे नहीं जाएंगे। एसएसपी ने यह बयान पुलिस अधिकारियों से कुलदीप की सांठगांठ के सवाल पर दिया।

एसएसपी ने कहा कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। SSP ने कुलदीप साहू के द्वारा पुलिस बल पर फायरिंग करते हुए भागने की जानकारी दी गई थी, हालांकि गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।

Related Articles

Back to top button