छत्तीसगढ़

देवर ने भाई-भाभी पर हथौड़े से किया हमला

बस्तर जिले में एक युवक ने अपने भाई और भाभी पर हथौड़े से हमला कर दिया। जिससे महिला की मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि, आरोपी को शक था कि उसकी भाभी ने उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काया था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला परपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बड़े बोदला गांव निवासी नीलू मंडावी का पिछले कुछ दिनों से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। पत्नी अपने मायके चली गई। इसी बात से युवक काफी खफा था। उसे शक था कि उसकी भाभी जयमनी मंडावी उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काई है।

घर नहीं आ रही थी पत्नी

जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई। जब उसने अपनी पत्नी से घर लौटने कहा, तो उसने आने से मना कर दिया। पत्नी के घर नहीं लौटने की बात से युवक काफी खफा था। जिसके बाद 2 दिन पहले वो रात में अपने घर गया। इसी बात को लेकर भाई-भाभी से उसका विवाद हो गया। गुस्से में उसने घर पर रखे हथौड़े से पहले भाभी पर हमला किया, फिर भाई को मार दिया।

हत्या के बाद फरार हो गया था आरोपी

जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल है। शोरगुल की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे थे। तब तक आरोपी घर से फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं आरोपी युवक की तलाश की गई। जिसे गांव के नजदीक एक ठिकाने से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button