बलौदा पुलिस की बड़ी सफलता: अपहृत नाबालिग बालिका 3 दिन में बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को महज तीन दिवस के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बालिका को अज्ञात आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर अपहृता और आरोपी की पतासाजी शुरू की गई।
विवेचना के दौरान दिनांक 19 जनवरी 2026 को पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी सुनील कश्यप (उम्र 20 वर्ष), निवासी पचरी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाना और उसके साथ अनाचार करना स्वीकार किया।
आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 96, 64(एम), 65(1) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी बलौदा), उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।






