खबर का बड़ा असर: रिश्वत आरोप मामले में हेड कांस्टेबल निलंबित

जांजगीर।न्यूज के प्रसारण के बाद एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। प्रधान आरक्षक पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप से जुड़ी खबर सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल विनोद दिवाकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
महुदा निवासी टिकेश्वर साहू ने एसपी कार्यालय जांजगीर में पदस्थ हेड कांस्टेबल विनोद दिवाकर पर 80 हजार रुपये रिश्वत लेने और उससे गलत कार्य कराने का गंभीर आरोप लगाया था। टिकेश्वर साहू का आरोप था कि उसने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया।
इसी आक्रोश और निराशा के चलते टिकेश्वर साहू ने एसपी कार्यालय जांजगीर के बाहर फिनाइल पी लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया।
इस पूरे मामले को चौथा स्तंभ ने प्रमुखता से उठाया था। खबर के प्रसारण के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया और आज सुबह एसपी विजय पाण्डेय ने हेड कांस्टेबल विनोद दिवाकर को निलंबित करने का आदेश जारी किया।
फिलहाल मामले की विभागीय जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।






