छत्तीसगढ़

शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मवेशी तस्करी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 पिकअप वाहनों से 15 भैंस बरामद, 22.5 लाख रुपए के मवेशी और 18 लाख के वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण पुलिस ने अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 नग भैंस, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है, के साथ ही परिवहन में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन, जिनकी कीमत करीब 18 लाख रुपए है, जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 3 मई की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में भैंसों को क्रूरता पूर्वक भरकर उड़ीसा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शिवरीनारायण क्षेत्र में राघव इन होटल के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों को रोका।

जांच के दौरान पाया गया कि प्रत्येक पिकअप में 5-5 भैंसों को ठूंस-ठूंसकर और रस्सियों से बांधकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों और स्थानीय सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button