छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चावल सौदे के नाम पर 1.70 लाख की ठगी करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर 1 लाख 70 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को पुलिस ने बिहार से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश शर्मा (निवासी बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी ने मोबाइल के जरिए चावल का सौदा तय कर पीड़ित से रकम ऐंठी और बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल, प्रोपराइटर सुलोचना फूड, निवासी जांजगीर ने 12 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के माध्यम से आरोपी से 900 क्विंटल चावल 2980 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का सौदा तय हुआ था।

आरोपी ने ट्रक भाड़ा और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में फोनपे और बैंक खाते के माध्यम से कुल 1,70,000 रुपए ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने फर्जी बिल भेजा, लेकिन चावल की खेप नहीं भेजी और मोबाइल बंद कर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में कोतवाली और साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी का लोकेशन बिहार के अररिया जिले में मिला। इसके बाद CSP योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और मालद्वार क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी में प्रयुक्त मोबाइल, बैंक खाता और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, एएसआई मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना के निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा और आरक्षक माखन साहू का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button