छत्तीसगढ़

बलौदा: फर्जी कलेक्टर बनकर कमीशन मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 19 अक्टूबर। बलौदा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी कलेक्टर बनकर ग्राम पंचायत सरपंच से 10 लाख रुपये की सीसी रोड स्वीकृति के नाम पर कमीशन मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम दिनेश अजगल्ले (36) है, जो वर्तमान में बिलासपुर के प्रभात चौक में रह रहा था और मूल रूप से ग्राम छोटेखैरा, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का निवासी है।

 

थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम चारपारा के सरपंच ने 16 अक्टूबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को जिला कलेक्टर बताते हुए फोन पर संपर्क किया। आरोपी ने ग्राम पंचायत में 10 लाख रुपये की सीसी रोड स्वीकृति की बात कही और इस स्वीकृति के बदले 10% यानी 1 लाख रुपये कमीशन की मांग की। आरोपी ने यह भी आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर स्वीकृत राशि सरपंच के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

सरपंच की शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 371/24 के तहत धारा 318(4), 319(2), और 62 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक (IPS) श्री विवेक शुक्ला के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

 

आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के लिए साइबर सेल जांजगीर की मदद ली गई। तकनीकी सहायता से आरोपी दिनेश अजगल्ले की लोकेशन बिलासपुर में पाई गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर, श्री राजेन्द्र कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल भी बरामद किया गया।

 

इस पूरी कार्रवाई में थाना बलौदा के उप निरीक्षक राजेश कुमार शाह, साइबर सेल जांजगीर, और थाना बलौदा के स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने समय पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

 

Related Articles

Back to top button