छत्तीसगढ़

धार्मिक टिप्पणी पर कर्मचारी की पिटाई, बजरंग दल ने दर्ज कराई FIR

दुर्ग। नगर निगम दफ्तर में गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब निगम आयुक्त के निज सहायक के साथ कुछ लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। आरोप है कि कर्मचारी द्वारा व्हाट्सएप चैट में देवी-देवताओं और धार्मिक गुरुओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से नाराज बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भड़क उठे और निगम कार्यालय पहुंचकर कर्मचारी को पकड़ लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, निगम में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत गौतम साहू की एक महिला कर्मचारी के साथ निजी व्हाट्सएप चैट सामने आई थी। इस चैट में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था। चैट का स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

बताया जा रहा है कि 8 मई की सुबह यह स्क्रीनशॉट हिंदू संगठनों तक पहुंचा, जिसके बाद दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने गौतम साहू को पकड़कर बाहर निकाला और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके कपड़े तक फट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। इस दौरान निगम कार्यालय में कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा।

इस मामले में पोलसाय पारा निवासी मंगल सिंह राजपूत ने पद्मनाभपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बजरंग दल के जिला संयोजक सौरभ देवांगन ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने पर कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Back to top button