गटर की सफाई करने उतरे 2 युवकों की मौत:रायपुर के एक बिरयानी सेंटर के कर्मचारी थे; जहरीली गैस से जान जाने की आशंका

रायपुर के जीई रोड स्थित अशोका बिरयानी सेंटर में 2 कर्मचारियों की मौत हो गई है। टैंक की सफाई के लिए दो कर्मचारियों को गटर में उतारा गया था। शुरुआती जांच में गटर की सफाई के दौरान निकली जहरीली गैस से मौत की आशंका जताई जा रही है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि गटर की सफाई के दौरान कर्मचारी बेहोश हो गए। जब वे काफी देर तक बाहर नहीं आए, तो होटल में काम करने वाले दूसरे कर्मचारी गटर के पास गए। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं आया। जिसके बाद कुछ कर्मचारियों ने गटर में उतरकर दोनों को बाहर निकाला।

डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया
कर्मचारियों ने फौरन डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों सफाई कर्मचारियों को तेलीबांधा के निजी हॉस्पिटल लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

गांव से काम करने आए थे दोनों
पुलिस ने बताया कि मृतक कर्मचारियों में से एक डेविड साहू (19) धमतरी के खम्हरिया का रहने वाला था। नीलकुमार पटेल (30) जांजगीर-चांपा जिले के खूंटादहरा का रहने वाला था। दोनों के परिवार वालों से संपर्क किया जा रहा है।






