पैसे की लालच में नानी को उतारा मौत के घाट : एक करोड़ की बीमा राशि पाने नाती ने कराई हत्या, सपेरा को दी थी सुपारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

कांकेर. जिले के पखांजूर में एक करोड़ की बीमा राशि पाने नाती ने अपने नानी की सर्प डंस से हत्या करवा दी. बीमा एजेंट के साथ मिलकर आरोपी नाती ने हत्या की साजिश रची और सपेरे को 30 हजार रुपए में सुपारी दी. आरोपी अपनी नानी को सपेरे के डेरे में ले गया और सांप से डंसवाकर घर लाकर हत्या को दुर्घटना बताकर बीमा की राशि निकाल ली. इस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी नाती, सपेरे और बीमा कंपनी के एजेंट को गिरफ्तार किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 महीने पहले कांकेर के पखांजूर निवासी रानी पठारिया की सांप डंसने से मौत हो गई थी. रानी पठारिया के भतीजे राजेश खसवा ने हत्या की आशंका को लेकर जांच करने पुलिस से शिकायत की थी. इस पर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी.
हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीमा राशि के लालच में आरोपी आकाश पठारिया ने बीमा ऐजेंट तारक देवनाथ के साथ मिलकर नानी की हत्या की साजिश रची. आरोपी आकाश ने पहले नानी का 3 लाख रुपए का जीवन बीमा करवाया और 6 महीने बाद एक्सीडेंटल बताकर सपेरे पप्पू राम नेताम के डेरे में ले जाकर नानी को सांप से डंसवाया और घर ले आया, जहां आकाश की नानी रानी पठारिया की मौत हो गई. इसके बाद बीमा एजेंट की मदद से एक्सिडेंट दिखाकर राशि निकल ली.






