आज छत्तीसगढ़ दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह:जांजगीर में करेंगे जनसभा; कोंडागांव में नेताओं के साथ बनाएंगे चुनावी रणनीति

रायपुर.केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे जांजगीर में जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इसके साथ ही बीजेपी प्रदेश में लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने जा रही है। इससे पहले शाह कोंडागाव में लोकसभा और क्लस्टर प्रभारियों की बैठक भी लेंगे।
शाह इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नामों पर मंथन करेंगे। बताया जा रहा है कि शाह का फोकस बस्तर, कांकेर, महासमुंद जैसी लोकसभा सीटों पर रहेगा। शाह का बिलासपुर दौरा रद्द हो गया है। यहां वे प्रभारियों के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक करने वाले थे।
अमित शाह दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से BSF के हेलीकॉप्टर से दोपहर में कोंडागांव पहुंचेंगे, जहां संगठन के नेताओं की बैठक लेंगे और चुनावी तैयारियों और जीत की रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे।
अमित शाह सुबह 10 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 12.5 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पार्टी के बड़े नेता उनकी अगुवाई करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.10 बजे सेना के हेलीकॉप्टर से कोंडागांव के लिए रवाना होंगे। कोंडागांव में दोपहर एक से दो बजे तक बस्तर लोकसभा क्लस्टर प्रभारियों की बैठक लेंगे।
दोपहर 2.50 बजे कोंडागांव से जांजगीर के लिए रवाना होंगे। जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। जांजगीर में रायपुर लोकसभा क्लस्टर प्रभारियों की बैठक भी लेंगे। शाम 6.50 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे और रात 8 बजे दिल्ली लौट जाएंगे।
बिलासपुर दौरा रद्द होने पर कांग्रेस हमलावर
शाह के दौरे से एक दिन पहले बिलासपुर दौरा रद्द होने से कांग्रेस हमलावर है। यहां शाह बुद्धिजीवी सम्मेलन में शामिल होने वाले थे। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि शाह अगर सम्मेलन में जाते तो लोग उनसे 10 साल का हिसाब मांगते, इसलिए डरकर कार्यक्रम में जाना कैंसिल कर दिया।






