छत्तीसगढ़

2.15 करोड़ की ड्रग्स पर चला फर्नेस, 77 मामलों में जब्त गांजा-हशीश समेत नशीले पदार्थ नष्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के तहत अलग-अलग मामलों में जब्त करीब 2.15 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थों को इंडस्ट्रियल फर्नेस में जलाकर नष्ट किया। पुलिस ने नॉर्थ, सेंट्रल और वेस्ट जोन के कुल 77 एनडीपीएस मामलों में जब्त गांजा, हशीश, डोडा, अफीम, नशीली गोलियां, कैप्सूल और अन्य मादक सामग्री का विधिवत नष्टीकरण किया।

438 किलो से ज्यादा गांजा नष्ट

पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई में कुल 438.764 किलो गांजा नष्ट किया गया। इसके अलावा 7.795 किलो डोडा, 1.015 किलो हशीश और 900 ग्राम अफीम भी फर्नेस में जलाकर नष्ट की गई।

इसके साथ ही 25,773 नशीली टेबलेट और 875 कैप्सूल समेत सिरप और खांसी की दवाओं का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिस्पोजल किया गया।

ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने कराई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा कराई गई।

पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए इंडस्ट्रियल फर्नेस में डालकर नष्ट किया गया।

सेंट्रल जोन के 37 मामलों की सामग्री नष्ट

सेंट्रल जोन में दर्ज 37 मामलों में जब्त सामग्री का नष्टीकरण किया गया। इसमें 143.895 किलो गांजा, 2,349 नशीली टेबलेट, 9 सिरप और 228 कैप्सूल शामिल थे।

नॉर्थ जोन में गांजा, हशीश और अफीम समेत सामग्री नष्ट

नॉर्थ जोन के 19 प्रकरणों में जब्त 86.950 किलो गांजा, 1.015 किलो हशीश, 19,794 टेबलेट, 294 नग खांसी की दवा, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल नष्ट किए गए।

वेस्ट जोन में 207 किलो से ज्यादा गांजा नष्ट

वेस्ट जोन के 21 मामलों में पुलिस ने 207.919 किलो गांजा, 7.795 किलो डोडा और 3,630 नशीली टेबलेट का नष्टीकरण किया।

इस तरह तीनों जोन को मिलाकर 77 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों को विधिवत नष्ट किया गया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जब्त सामग्री का भी नष्टीकरण

पुलिस के मुताबिक, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मामलों में जब्त मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार नष्ट किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई के साथ जब्त सामग्री के सुरक्षित और विधिसम्मत नष्टीकरण की प्रक्रिया भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button