छत्तीसगढ़

CG Weather Today: सितंबर की शुरुआत बारिश से, 5 दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; जानें रायपुर समेत जिलों का मौसम

रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। सितंबर महीने की शुरुआत प्रदेश में बारिश के साथ होने के मजबूत संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। बारिश का यह दौर करीब 3 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग चार फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अब बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

रायपुर में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।

Related Articles

Back to top button