छत्तीसगढ़

Crime News: रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बैटरी कारोबारी ने पत्नी और 3 बच्चों को जहर देने के बाद खुद की जान ली!

रायपुर, 18 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक बैटरी कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और पूरे मकान को सील कर दिया है।

बंद घर से आ रही थी तेज बदबू, पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस के अनुसार, संजय नगर निवासी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) पिछले करीब आठ महीने से किराए के मकान में रह रहा था। वह पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था। उसके परिवार में पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19) और बेटियां शाहिदा (17) व इरशाबा बेगम (16) शामिल थीं।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम के बाद से परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं निकला। शुक्रवार को भी पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा। जब पड़ोसियों को घर के अंदर से सड़न की बदबू आने लगी और कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, सामने आया खौफनाक मंजर

सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

पुलिस को शाहिद का शव किचन में फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में जमीन पर पड़े थे। शुरुआती जांच में मृतकों के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

Related Articles

Back to top button