जांजगीर-चांपा में कर्रा नाला जलाशय पर बड़ा खतरा! गेट में दरार, बांध के पास मिट्टी कटी, 125 लोगों को सुरक्षित निकाला

जांजगीर-चांपा, 18 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमीसोनार स्थित कर्रा नाला जलाशय में गेट पर दरार आने और बांध के समीप मिट्टी कटने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। जलाशय से पानी के तेज़ी से बाहर निकलने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। देर रात कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली।
कलेक्टर और एसपी ने मौके पर संभाला मोर्चा
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय पोयाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एसडीएम सुमित बघेल, तहसीलदार सहित जल संसाधन विभाग, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की दोनों संभागीय तकनीकी टीमों को मिशन मोड में मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। विशेषज्ञ टीमें लगातार जलाशय के गेट और बांध को सुरक्षित करने में जुटी हुई हैं ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविर पहुंचाया गया
संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन ग्राम बड़ेअमेरी और कोटमीसोनार के भाटापारा क्षेत्र से करीब 125 लोगों को सुरक्षित निकालकर कोटमीसोनार राहत शिविर में ठहराया है।
राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए—
- भोजन की व्यवस्था
- स्वच्छ पेयजल
- रहने की सुविधा
- आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री
उपलब्ध कराई गई है।
मेडिकल टीम तैनात, स्वास्थ्य जांच जारी
बारिश के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम को राहत शिविर में तैनात किया गया है। सभी विस्थापित लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कुटीघाट क्षेत्र का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर और एसपी ने कुटीघाट क्षेत्र का भी दौरा किया, जहां कुछ घरों में पानी घुसने की सूचना मिली थी। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर राहत शिविर में ठहराया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित लोगों को भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएं।





