जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस सहायता केंद्र राहौद की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 15 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अमृत लाल सूर्यवंशी उर्फ मुँचू (32 वर्ष), निवासी बूंदेला भूतहापारा थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 3,000 रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त शराब को विधिवत कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय के नेतृत्व में पुलिस सहायता केंद्र राहौद की टीम का सराहनीय योगदान रहा।





