कोरबा में हाई वोल्टेज ड्रामा: TI पर मारपीट और रिश्वत का आरोप, दो युवक पानी टंकी पर चढ़े, आत्महत्या की दी धमकी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हरदीबाजार थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर पानी टंकी पर चढ़ गए और आत्महत्या की धमकी देने लगे। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल छिड़ककर आग भी लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
TI पर मारपीट और रिश्वत का आरोप
युवकों ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर मारपीट करने और करीब 24 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। दोनों युवकों की पहचान रफीक मोहम्मद (22) और दीपेश निर्मलकर (23) के रूप में हुई है, जो ग्राम नेवसा के निवासी हैं।
3 घंटे तक चला हाई ड्रामा
गुरुवार सुबह दोनों युवक पानी टंकी पर चढ़ गए और TI के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आत्मदाह की धमकी देने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। करीब 3 घंटे की समझाइश के बाद दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
जुआ-सट्टा मामले से जुड़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जुआ-सट्टा से जुड़ा हुआ है। युवकों का आरोप है कि 9 जून को पुलिस ने उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाकर बेरहमी से लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा। साथ ही झूठा बयान लिखवाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दोनों युवक जुआ फड़ चलाते हैं और जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।
ग्रामीणों का विरोध, नारेबाजी
घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा गया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घरों में घुसकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
वीडियो हुआ वायरल
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक टंकी पर चढ़कर पेट्रोल डालते और धमकी देते नजर आ रहे हैं।
यह घटना पुलिस कार्यप्रणाली और ग्रामीणों के बीच बढ़ते अविश्वास को उजागर करती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





