छत्तीसगढ़

झपटमार गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़े गए

जांजगीर-चांपा, 5 जून 2026।** जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रास्ता रोककर मोबाइल और नकदी लूटने वाले झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और बलौदा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपियों सहित 2 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी के 5 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल तथा 1,900 रुपये नकद बरामद किए हैं।

 

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

 

### ऐसे हुई थी वारदात

 

पुलिस के अनुसार, मोहरियामुड़ा निवासी विरेंद्र कुमार 28 मई 2026 को फसल कटाई के कार्य से नैला आया था। रात लगभग 11 बजे वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। रात करीब 11:30 बजे पहरिया के आगे तालाब के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और झपटमारी करते हुए बैग में रखे तीन मोबाइल फोन तथा 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

 

पीछा करने के दौरान प्रार्थी और उसका साथी बाइक से गिर गए, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। आरोपियों द्वारा उपयोग की गई एक बाइक पल्सर और दूसरी स्प्लेंडर थी, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

 

### सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीक बनी मददगार

 

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया।

 

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

### गिरफ्तार आरोपी

 

1. बलवेदव सूर्या, निवासी औराईखुर्द दर्राभाठा, चौकी नैला

2. पंकज यादव, निवासी करमंदी बड़े पारा, चौकी नैला

3. लखन कंवर, निवासी कचौरा, थाना उरगा, कोरबा

4. राकेश यादव, निवासी कचौरा, थाना उरगा, कोरबा

5. दुर्गेश सिंह, निवासी नवापारा, थाना उरगा, कोरबा

 

इसके अलावा मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

 

### पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

 

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उपनिरीक्षक जयनंदन मार्बल सहित साइबर और बलौदा पुलिस की टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है।

 

 

Related Articles

Back to top button