छात्रा के साथ वायरल वीडियो के बाद संविदा शिक्षक की सेवा समाप्त

सरगुजा जिले में कॉलेज छात्रा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए एक संविदा शिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने जांच कर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार बतौली स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ संविदा शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह एक कॉलेज छात्रा के साथ जंगल किनारे कार में दिखाई दे रहे थे।
बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल की रात करीब 1 बजे कुछ स्थानीय युवकों ने सरमना के लंकाडांड जंगल के पास एक संदिग्ध कार खड़ी देखी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने शिक्षक और छात्रा को आपत्तिजनक स्थिति में पाया और वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
शिकायत मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा ने पहले शिक्षक को स्कूल से हटाकर उदयपुर बीईओ कार्यालय में अटैच किया। इसके बाद मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई। जांच टीम में बतौली और सीतापुर के बीईओ सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
जांच में स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति सुरेश कुमार जायसवाल ही है और जंगल के पास मिला वाहन भी उन्हीं का था। पूछताछ के दौरान शिक्षक यह स्पष्ट नहीं कर सके कि वे देर रात छात्रा के साथ वहां क्यों मौजूद थे।
जांच रिपोर्ट में कहा गया कि इस घटना से विद्यालय की गरिमा और शिक्षा विभाग की छवि प्रभावित हुई है। इसके बाद डीईओ ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी संविदा नियुक्ति समाप्त कर दी गई।





