छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा : तरबूज खाने से बच्चे की मौत, 3 अन्य बच्चे अस्पताल में भर्ती, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत और तीन अन्य बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत की। सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक अब उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम जांजगीर ने मेडिकल टीम को गांव भेजकर परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच शुरू कराई है। साथ ही तहसीलदार को पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सिविल सर्जन एस. कुजूर ने बताया कि संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

जिला प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है।

Related Articles

Back to top button