जांजगीर-चांपा: मामूली विवाद बना जानलेवा, हत्या के 2 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 2 आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक जगदीश प्रजापति 29 अप्रैल को अपनी पत्नी और डेढ़ साल के बच्चे के साथ खरखोद गांव में रिश्तेदार के शादी समारोह में आया था। रात में शराब के नशे में उसने पत्नी और बच्चे से विवाद किया और बाद में घर छोड़कर कहीं चला गया। 3 मई को उसका शव गांव में एक मकान के पीछे संदिग्ध हालत में मिला, जिसमें सड़न शुरू हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई।
जांच के दौरान देसाई कुम्हार (42) निवासी खरखोद और रामनारायण प्रजापति (44) निवासी ठाकुरदेवा, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने गला दबाकर, डंडा, हाथ-मुक्के से मारपीट कर हत्या करना कबूल कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 3(5) के तहत कार्रवाई कर 5 मई को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में पामगढ़ थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।






