छत्तीसगढ़

मधईपुर में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, बलौदा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम मधईपुर में 2-3 मई 2026 की दरम्यानी रात हुई चार अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बलौदा पुलिस की सक्रियता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी पूर्व से निगरानी बदमाश बताया जा रहा है।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और साइबर तकनीक की मदद से संदेहियों की पहचान की गई।

पुलिस ने आरोपी अमृत पटेल, उत्तम पठारे और तुलसी पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने पल्सर मोटरसाइकिल से गांव पहुंचकर चार घरों में चोरी करना स्वीकार किया। अमृत पटेल थाना सक्ती का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी का मामला दर्ज है और वह फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के पायल, सिक्के, बिछिया, सोने के लॉकेट, मंगलसूत्र, पीतल-कांस के बर्तन, एलईडी टीवी, मोबाइल और नगदी सहित लाखों रुपए का सामान बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक चाकू भी जब्त किया गया है।

घटनाओं में संतराम रात्रे, रविशंकर रात्रे, रेशम लाल रात्रे और विजय कुमार के घरों को निशाना बनाया गया था, जहां से जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी किए गए थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(a), 112(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button