छत्तीसगढ़

घर में घुसकर मारपीट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता

जांजगीर-चांपा। घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में फरार आरोपी को पकड़ने में थाना पामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी पंकज कश्यप (25 वर्ष), निवासी ब्यासनगर वार्ड नंबर 10, थाना पामगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पहले ही पकड़े जा चुके हैं अन्य आरोपी
इस मामले में पुलिस पूर्व में 4 आरोपियों सहित एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी गिरफ्तार कर चुकी है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी पंकज कश्यप की लगातार तलाश की जा रही थी, जिसे अब मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया गया।

घर में घुसकर की थी मारपीट और तोड़फोड़
मामले की शिकायत प्रार्थिया दिलेश्वरी यादव ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनके घर के बाहर कुछ लोग गाली-गलौज और झगड़ा कर रहे थे। मना करने पर आरोपी भड़क गए और धमकी देने लगे।

इसके बाद आरोपी बेल्ट, ईंट और डंडे लेकर दोबारा पहुंचे और घर का दरवाजा धक्का देकर अंदर घुस गए। उन्होंने प्रार्थिया के पति हिमांशु श्रीवास और जेठ गुलशन श्रीवास के साथ मारपीट की और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
घटना के बाद थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

Related Articles

Back to top button