छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में दर्दनाक हादसा: पिकअप पलटने से 2 महिलाओं की मौत, 12 से ज्यादा घायल

बालोद जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। मंगचुआ थाना क्षेत्र में ग्रामीणों से भरी एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पद्देटोला के ग्रामीण खलबत्तर गांव में नामकरण संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भंवरमरा नेताम टोला मोड़ पर पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई।

हादसा इतना भयावह था कि वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में मान बाई (68) और नंदिनी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला-पुरुष और बच्चों सहित 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर मॉर्चुरी में रखवा दिया है। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button