देश- विदेश

छात्र को अर्धनग्न कर सड़क पर घुमाया:आरोप- अंबेडकर के कार्यक्रम में जाने से मना किया था तो साथियों ने पीटा; केस दर्ज

कर्नाटक के कलबुर्गी में 20 नाबालिग लड़कों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि इन सभी ने एक लड़के को अर्धनग्न किया और शहरभर में घुमाया। उसके सिर पर बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर भी रखी, जिसे पूरे रास्ते पीड़ित ने पकड़े रखा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 25 जनवरी की है। कलबुर्गी के बॉयज हॉस्टल में हर रविवार को बाबा साहेब की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित होता है। एक छात्र ने कार्यक्रम में जाने से इनकार कर दिया। इस बात से नाराज अन्य लड़कों ने छात्र को अर्धनग्न कर उसकी परेड निकाली। इस दौरान छात्र के साथ मारपीट भी की गई।

मामला सामने आने के बाद अशोक नगर थाना पुलिस ने 20 नाबालिग लड़कों के खिलाफ IPC की धारा 341 (गलत तरीके से रोकना), धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), धारा 505 (2) (सार्वजनिक शरारत), धारा 506 (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

अंबेडकर की मूर्ति का अपमान किया
22 जनवरी की रात शहर के बाहरी इलाके कोटनूर (डी) गांव के लुंबिनी गार्डन में मौजूद बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति को अज्ञात लोगों ने जूतों की माला पहना दी थी। इसके बाद इलाके में हंगामा मच गया।

23 जनवरी को दलित संगठनों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। BJP नेता चंद्रकांत पाटिल के पेट्रोल पंप पर पथराव किया गया।

डिप्टी कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) कनिका सीकरीवाल की गाड़ी का घेराव किया गया। उन्होंने घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और अंबेडकर की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की।

घटना को लेकर यूनिवर्सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है। दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गईं हैं।​​​​​​​

Related Articles

Back to top button