छत्तीसगढ़

साप्ताहिक बाजार में पहुंची पुलिस, साइबर ठगी और ट्रैफिक नियमों को लेकर किया जागरूक

जांजगीर-चांपा जिले में साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बिर्रा पुलिस ने बुधवार को साप्ताहिक बाजार में साइबर जागरूकता एवं यातायात सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान में बिर्रा पुलिस के साथ ग्राम कोटवार भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

इस दौरान बाजार में आने वाले आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई।
निरीक्षक जय कुमार साहू ने बताया कि फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।

इसके साथ ही उन्होंने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने और सड़क सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। ग्राम कोटवार एवं पुलिस कर्मियों ने लोगों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और उन्हें सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button