छत्तीसगढ़

7 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे शनिवार की रात राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद रविवार को राज्य में नक्सलवाद की वर्तमान स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

रायपुर में बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर के लिए रवाना होंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब केंद्र सरकार द्वारा नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लिए तय की गई 31 मार्च 2026 की डेडलाइन बेहद नजदीक आ चुकी है। इस समयसीमा का सार्वजनिक ऐलान खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। अब डेडलाइन में करीब दो महीने का ही समय शेष है, ऐसे में अमित शाह का यह दौरा नक्सल विरोधी अभियानों की दिशा तय करने और आगामी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर 2025 को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव में शामिल होने बस्तर पहुंचे थे। एक बार फिर उनका बस्तर दौरा यह संकेत देता है कि केंद्र सरकार नक्सलवाद के खात्मे को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जमीनी स्तर पर हालात की लगातार समीक्षा कर रही है।

Related Articles

Back to top button