छत्तीसगढ़

गणतंत्र दिवस से पहले बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन, CRPF ने नक्सलियों के 2 डम्प किए ध्वस्त

सुकमा। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से पहले नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में रविवार को सुकमा–बीजापुर सीमा क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सीआरपीएफ की 150वीं वाहिनी के जवानों ने पालागुड़ा के घने जंगलों में छापामार कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के दो डम्प को ध्वस्त कर दिया।

इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी नक्सली साजिश को विफल कर दिया गया है, जिससे गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर यह संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सूचना थी कि पालागुड़ा जंगल क्षेत्र में नक्सली संगठन सुरक्षा बलों को निशाना बनाने और बड़े हमले की योजना के तहत डम्प तैयार कर रहे हैं। इसी इनपुट पर सीआरपीएफ 150वीं बटालियन की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

घने जंगल, दुर्गम पहाड़ियां और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस और सूझबूझ के साथ अभियान को अंजाम दिया। सर्च के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर नक्सलियों के डम्प मिले, जिन्हें सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही निष्क्रिय किया गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन डम्प का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले, सड़क अवरोध और विकास कार्यों को बाधित करने के लिए किया जाना था। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button