छत्तीसगढ़

सहायक शिक्षक भर्ती की मांग: डीएड अभ्यर्थियों का मंत्री बंगले का घेराव, पुलिस से झूमा-झटकी

रायपुर। सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे डीएड अभ्यर्थियों ने शुक्रवार सुबह नया रायपुर में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के बंगले का घेराव किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को खदेड़ दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

इस दौरान पुलिस और डीएड अभ्यर्थियों के बीच झूमा-झटकी भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक गाड़ियों में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर छोड़ दिया। प्रदर्शन में महिला अभ्यर्थी भी शामिल थीं, जिन्हें भी पुलिस ने हटाया।

डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से सहायक शिक्षक भर्ती शुरू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इधर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने के लिए कार्रवाई की गई। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन अभ्यर्थियों के तेवर देखते हुए आंदोलन के और तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button