छत्तीसगढ़

20 लाख से अधिक की लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार, चांपा पुलिस को बड़ी सफलता

जांजगीर-चाम्पा। थाना चांपा क्षेत्र में 20 लाख रुपये से अधिक की सनसनीखेज लूट के मामले में चांपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार कुर्रे, पिता गोरेलाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर है। आरोपी के कब्जे से 2 लाख 68 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन एवं एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 111(1) बीएनएस सहित 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

घटना का विवरण
प्रार्थी हरीश देवांगन, निवासी चांपा, मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज चांपा में पिछले 4–5 वर्षों से सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है और कैश कलेक्शन का कार्य करता है। दिनांक 09 जनवरी 2026 को वह मोटरसाइकिल से सक्ती गया था, जहां से उसने विष्णु पेट्रोल पंप से 15,66,200 रुपये एवं ठठारी स्थित बंशीधर हार्डवेयर से 4,52,500 रुपये नगद, कुल 20,18,700 रुपये कलेक्ट किए।

दोपहर करीब 3.30 बजे, ग्राम कोसमंदा मेन रोड तालाब के पास एक काले रंग की कार (नंबर आंशिक रूप से सीजी 11 बीएन 13) में सवार आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पावडर जैसा पदार्थ फेंक दिया। आंखों में जलन होने पर जब वह रुका, तभी तीन आरोपियों ने जबरन उसका पैसों से भरा बैग छीना और विरोध करने पर उसे कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। आरोपियों ने मारपीट करते हुए रात करीब 9 बजे मैनपाट सेल्फी प्वाइंट के पास उसे खाई में धक्का दे दिया और फरार हो गए। पीड़ित रातभर खाई में फंसा रहा और अगले दिन किसी तरह सड़क तक पहुंचकर घटना की सूचना दी।

Related Articles

Back to top button