रायपुर | तेज रफ्तार कार दुकान में घुसी, बड़ा हादसा टला, चालक को भीड़ ने पकड़ा

राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। कैलाशपुरी रोड पर रात करीब 8:30 बजे एक सिट्रोन कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। हादसा इतना अचानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि दुकानदार का परिवार बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीजी 04 पीआर 8866 नंबर की कार तेज गति से आ रही थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। कार सीधे दुकान के सामने वाले हिस्से से टकरा गई, जिससे दुकान का शटर और सामने का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिस दुकान में कार घुसी, उसके ठीक पीछे ही मकान स्थित है, जहां बबलू पठान अपने परिवार के साथ रहते हैं। हादसे के वक्त घर में मौजूद लोग दहशत में आ गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
जानकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चालक नशे की हालत में नहीं था, बल्कि किसी कारणवश कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।






