जांजगीर-चांपा: अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 300 लीटर कच्ची शराब बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना नवागढ़ पुलिस ने ग्राम कटौद में छापेमार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस को छापेमारी के दौरान लावारिश हालत में 300 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब मिली, जिसे जब्त किया गया। इसके साथ ही अलग-अलग 08 ट्रम में भरे भारी मात्रा में महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। शराब निर्माण में उपयोग होने वाला सिल्वर का बर्तन भी मौके से बरामद कर जप्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई। अभियान में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश सेंडे एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






