Uncategorized

बम्हनीडीह ब्लॉक के सर्वांगीण विकास को लेकर प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री व शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात, लंबित मांगों का ज्ञापन सौंपा

 

जांजगीर चांपा ...ब्लॉक बम्हनीडीह एवं जिले के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले धर्मपाल सिंह राठौर, अफरीद जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीषा चौहान, उनके सलाहकार गोकुल जायसवाल, झर्रा के पूर्व सरपंच रोहन साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री तथा मंत्री श्री टंकराम वर्मा से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र की लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बम्हनीडीह ब्लॉक में आधारभूत संरचनाओं के अभाव के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनहित से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए शासन स्तर पर निर्णय आवश्यक है। इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख और लंबे समय से लंबित मांगों का एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बम्हनीडीह-दाहिदा पुल के निर्माण, बम्हनीडीह में शासकीय कॉलेज की स्थापना, गोमदा अप्रोच रोड निर्माण, लंबित नगर पंचायत की घोषणा, जनपद पंचायत के लिए नए भवन का निर्माण, सरवानी-ठूठी सड़क (3 किलोमीटर), मोहगांव-लखाली सड़क (3 किलोमीटर), भवरेली एनीकट जमरी नाला निर्माण, पंचायतों में समग्र विकास कार्यों के साथ-साथ अन्य लंबित मांगों को शामिल किया गया।
प्रतिनिधियों ने बताया कि इन मांगों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, प्रशासनिक सुविधा और सिंचाई जैसे मूलभूत लाभ मिलेंगे, जिससे रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में सरकार का सहयोग क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Back to top button