छत्तीसगढ़

ईसाई धर्म छोड़कर अपनाया सनातन धर्म, गांव में हुआ भव्य स्वागत

कांकेर। सरोना तहसील के ग्राम घोटियावाही में एक परिवार ने ईसाई धर्म छोड़कर पुनः सनातन धर्म अपनाया। यह परिवार 3 साल पहले लालच और बहकावे में आकर ईसाई धर्म में शामिल हो गया था, लेकिन अब उन्होंने अपने पूर्वजों की आस्था और परंपराओं को याद करते हुए मूल धर्म में वापसी का निर्णय लिया।

परिवार के इस निर्णय का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। पैर धोकर, गंगा जल छिड़क कर और पगड़ी पहनाकर उन्हें लाल बंधन से सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार को स्वास्थ्य लाभ के नाम पर ईसाई धर्म में जोड़ा गया था, लेकिन जब अपेक्षित लाभ नहीं मिला, तो उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का फैसला किया।

इस मौके पर सर्व समाज के अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप, ग्राम सरपंच राजेन्द्र मरकाम, पूर्व सरपंच कन्हैया नेताम सहित कई गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे। परिवार ने गांव के लोगों की उपस्थिति में अपने धर्म में वापसी का संकल्प लिया।

सर्व समाज ने इस कार्यक्रम को समाज में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। इसके अलावा, कांकेर में 14 दिसंबर, रविवार को एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली नरहरदेव मैदान से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए मतांतरण जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने और समाज को जागरूक करने का संदेश देगी।

Related Articles

Back to top button