तेज रफ्तार स्कॉर्पियो नहर में गिरी: चालक समेत दो की मौत, चार गंभीर घायल; कोरबा से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम पोता के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिससे चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कोरबा से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में छह लोग सवार थे, जो कोरबा से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्राम कुसमूल लौट रहे थे। देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच, जब वाहन पोता गांव के पास शराब भट्ठी के समीप पहुंचा, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और स्कॉर्पियो नहर में जा गिरी।
ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन के शीशे तोड़कर सभी सवारों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को सक्ती अस्पताल पहुंचाया गया।
दो की मौत, चार घायल
अस्पताल में इलाज के दौरान चालक और एक नाबालिक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।






