गुंडा-बदमाशों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित कई फरार।

जांजगीर। थाना जांजगीर क्षेत्र में गुंडा बदमाश सतीश यादव उर्फ बाटा, राजेंद्र पटेल, बल्ली उर्फ प्रांजल यादव सहित 20-25 अन्य साथियों पर हत्या का प्रयास, उगाही और अवैध वसूली का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
आपको बता दे 09 सितंबर की रात ग्राम देवरहा निवासी प्रार्थी लक्ष्मी प्रसाद यादव उर्फ नवधा से रेत-गिट्टी खरीदी-बिक्री में कमीशन की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा इनकार करने पर आरोपी राजेंद्र पटेल अपने साथियों के साथ लाठी, डंडा, तलवार और चाकू लेकर उसके घर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। प्रार्थी के शोर मचाने और गांव वालों के इकट्ठा होने पर आरोपीगण मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर पुलिस ने विवेचना शुरू की। इस दौरान तीन आरोपियों –
1. मनीष हंसेलिया (27 वर्ष, निवासी खडपड़ी पारा जांजगीर),
2. उमाशंकर यादव (28 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर जांजगीर),
3. राम केवट (20 वर्ष, निवासी जिला पंचायत के पास जांजगीर)
को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
वहीं, मुख्य आरोपी राजेंद्र पटेल, सतीश यादव उर्फ बाटा, बल्ली उर्फ प्रांजल यादव सहित अन्य 20-25 आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 191(1), 191(3), 308(2), 296, 351(2), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।






